डिजीटल क्यूआर कोड डिस्प्ले मशीन से पेमेंट कर ले सकेंगे रेलवे टिकट
कोरबा समेत बिलासपुर मंडल के अधिकांश स्टेशन में सुविधा हुई शुरू
डिजीटल क्यूआर कोड डिस्प्ले मशीन से पेमेंट कर ले सकेंगे रेलवे टिकट
कोरबा समेत बिलासपुर मंडल के अधिकांश स्टेशन में सुविधा हुई शुरू
कोरबा : रेलवे में यात्रियों को डिजिटल तकनीक से कैशलेश ट्रांसजेक्शन की सुविधा को बढ़ाया जा रहा है। डिजीटल पेमेंट को बढ़ावा देने एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा स्टेशन समेत बिलासपुर मंडल के अन्य स्टेशन में क्यूआर कोड डिवाइस लगाया गया है।
मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर खानपान स्टाल, एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत संचालित स्टाल एवं अन्य सभी प्रकार के स्टाल पर डिजीटल पेमेन्ट के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था पहले से उपलब्ध है । अब तक आरक्षित टिकट काउंटरों पर यूपीआई से डिजीटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध थी । रेलवे टिकट काउंटरों पर यात्रियों को भुगतान करने की प्रकिया को और सरल करते हुए भी क्यूआर कोड डिवाइस की व्यवस्था की गई है । यात्रीगण क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर कम से कम समय में आसानी से रेल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल यात्रियों को डिजिटल भुगतान की आसान सुविधा प्रदान करेगी और कैशलेस लेनदेन में मदद करेगी, साथ ही इससे चिल्हर की समस्या का भी समाधान मिलेगा। एटीवीएम व यूटीएस आन मोबाइल एप जैसी सुविधाएं भी रेल यात्रियों को बिना लाइन लगे त्वरित यात्रा टिकट दिलाने के साथ आसान डिजिटल भुगतान सुविधा सहित चिल्हर पैसे आदि की दिक्कतों से राहत दिलाने के लिए शुरू की गई है। वर्तमान में बिलासपुर मंडल के बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सक्ति, खरसिया, ब्रजराजनगर, उसलापुर, पेंड्रारोड, शहडोल, उमरिया, अंबिकापुर समेत 45 प्रमुख स्टेशनों पर क्यूआर कोड स्थापित किए जा चुके हैं। शेष सभी स्टेशनों पर क्यूआर कोड मशीन तीव्र गति से स्थापित किए जा रहे हैं।

