विभागीय कर्मियों को बनाया जाए लेखाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी
विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक ने रखा प्रस्ताव, एमडी के साथ हुई बैठक
विभागीय कर्मियों को बनाया जाए लेखाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी

0 विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक ने रखा प्रस्ताव, एमडी के साथ हुई बैठक
कोरबा : विद्युत कंपनी में कार्यरत कर्मियों को कंपनी के अनुसार लेखाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी बनाने, अधिकारियों की तरह तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को पदोन्नति देने समेत अन्य प्रस्ताव विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन 56 इंटक ने रखे। बैठक में संघ ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांग को जल्द पूरा किया जाए। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक आरके शुक्ला के साथ फेडरेशन की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विद्युत उत्पादन, वितरण एवं पारेषण कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में चर्चा हुई। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि उत्पादन, वितरण व पारेषण कंपनी में कार्यरत संयंत्र परिचारक श्रेणी – दो व एक में कार्यरत कर्मचारियों को पांच वर्ष सेवा उपरांत तृतीय श्रेणी में पदोन्नति व संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों को सी-आफ व ओवरटाइम देने की मांग रखी गई।प्रांतीय अध्यक्ष राम इकबाल ने कहा कि समान नियुक्ति के आधार पश्चात भी दो विभिन्न पद डाटा एंट्री आपरेटर व संयंत्र परिचारक श्रेणी – दो के वेतनमान व श्रेणी में अंतर रखा गया है, इसे दूर कर एक समान श्रेणी व वेतनमान दिया जाए। वितरण कंपनी में चतुर्थ श्रेणी के लाइन कर्मचारियों के विरुद्ध जांच लागू स्थाई आदेश के आधार पर करना चाहिए। रात्रि पाली ड्यूटी करने वाले कर्मियों के अलाउंस को बढाने पर भी चर्चा की गई। ठेका श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित दर व निविदा प्रक्रिया में एक न्यूनतम बेस रेट तय किया जाने का भी प्रस्ताव रखा गया। प्रबंध निदेशक ने फेडरेशन के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में प्रस्ताव रख आगे कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कंपनी की ओर से आइआरओ ओपी खंडेलवाल, मुख्य अभियंता मानव संसाधन उत्पादन हेमन्त सिंह तथा विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक की ओर से उपाध्यक्ष बसंत देवांगन, महामंत्री एनपी मिश्रा, प्रांतीय सचिव इंद्रमणी पटेल, जोनल सचिव जितेन्द्र कुमार पांडेय, क्षेत्रीय सचिव सुरेश प्रजापति एवं टीएंडडी से कोरबा जिला अध्यक्ष गोविन्द सोनवानी आदि सदस्य उपस्थित रहे।
अध्यक्ष से की मुलाकात कर बताई समस्या

फेडरेशन इंटक-56 के प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने विद्युत कंपनी के अध्यक्ष डा रोहित यादव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनका स्वागत करते हुए फेडरेशन के इतिहास व उपलब्धियों के विषय में बताया। साथ ही कोरबा आगमन के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधि मंडल ने कर्मियों की समस्याओं से भी अवगत कराया। इस पर अध्यक्ष ने भविष्य में विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक-56 के साथ बैठक करने के साथ ही भविष्य में कोरबा आने का आश्वासन दिया।
