Uncategorized

नशामुक्त युवा–श्रेष्ठ राष्ट्र का संकल्प लेकर 600 विद्यार्थियों ने बढ़ाया कदम

कोरबा (शिवशंकर जायसवाल ) अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन ‘दिया’ कोरबा द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करने तथा संस्कारवान, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिधौरी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर PWD में विशेष नशामुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत लगभग 600 विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने एवं अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन ‘दिया’ कोरबा के जिला संयोजक विजेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा अपनी ऊर्जा का सदुपयोग शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में करें, तो एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने तथा परम पूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों एवं दिव्य संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता

कन्हैयालाल चौहान ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में युवाओं को जीवन में सही दिशा चुनने, आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि जागृत हो जाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना संभव है।

इसी क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन ‘दिया’ कोरबा के कोषाध्यक्ष जितेंद्र केवट ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विशेष उद्बोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा प्रकृति संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं संगठन की नारी जागरण प्रमुख

सुश्री सविता साहू ने नारी जागरण एवं महिला सशक्तीकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने परम वंदनीया माताजी के दिव्य संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने, महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में नारी के सम्मान और गौरव को स्थापित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालयीन स्तर पर भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कल्पना शर्मा (तुमान), वी.के. अनंत एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सोनकर मैडम का सहयोग एवं सहभागिता सराहनीय रही। इनके सहयोग से विद्यार्थियों तक नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त जीवन, नैतिक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और नारी सम्मान ही एक स्वस्थ एवं आदर्श समाज की आधारशिला हैं।

लगभग 600 विद्यार्थियों का नशामुक्त रहने का संकल्प इस अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

 

अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन ‘दिया’ कोरबा का यह प्रयास युवाओं में जागरूकता, नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

संगठन का संकल्प

स्वस्थ युवा, श्रेष्ठ राष्ट्र।

स्वावलंबी युवा, संपन्न राष्ट्र।

सेवाभावी युवा, सुखी राष्ट्र।

शिक्षित युवा, विकसित राष्ट्र।

Related Articles

Back to top button