उद्योग–पथ–प्रगति का त्रिसूत्र : डॉ दिलीप जायसवाल के कंधों पर बिहार के औद्योगिक विस्तार की नई जिम्मेदारी
बिहार (कांति न्यूज से शिवशंकर जायसवाल) सरकार द्वारा डॉ दिलीप जायसवाल को उद्योग मंत्रालय के साथ-साथ पथ निर्माण विभाग का अतिरिक्त दायित्व तथा भागलपुर का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया जाना केवल एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि राज्य की औद्योगिक एवं रोजगार नीति को नई गति देने वाला दूरदर्शी निर्णय माना जा रहा है। उद्योग, पथ निर्माण और क्षेत्रीय प्रभारी मंत्री—इन तीनों दायित्वों का समन्वय बिहार के आर्थिक विकास में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
उद्योगों के विकास के लिए सुदृढ़ सड़क एवं संपर्क संरचना रीढ़ के समान होती है। पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी मिलने से औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी, कच्चे माल की निर्बाध आपूर्ति और तैयार उत्पादों के त्वरित परिवहन की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे न केवल निवेश लागत घटेगी, बल्कि राज्य के प्रति उद्योगपतियों और निवेशकों का विश्वास भी बढ़ेगा। यही विश्वास नए उद्योगों की स्थापना और पुराने उद्योगों के विस्तार का आधार बनता है।
भागलपुर, जो ऐतिहासिक रूप से रेशम, हथकरघा और व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र रहा है, आज भी रोजगार सृजन की अपार संभावनाएँ रखता है। प्रभारी मंत्री के रूप में डॉ दिलीप जायसवाल की सक्रिय भूमिका से यहां उद्योग, सूक्ष्म–लघु–मध्यम उद्यम (MSME), खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र एवं सेवा क्षेत्र को नई दिशा मिल सकती है। बेहतर सड़क नेटवर्क और उद्योग-अनुकूल वातावरण भागलपुर को पूर्वी बिहार के प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है।
डॉ दिलीप जायसवाल एक अनुभवी, सक्रिय और योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने वाले मंत्री के रूप में जाने जाते हैं। प्रशासनिक चातुर्य, त्वरित निर्णय क्षमता और दीर्घकालिक दृष्टि उनके कार्यशैली की पहचान है। उनके पास न केवल संभावनाओं को पहचानने की क्षमता है, बल्कि उन्हें व्यवहारिक योजनाओं में बदलने का कौशल भी है। यही कारण है कि उनसे अपेक्षा की जा रही है कि वे उद्योग और पथ निर्माण के समन्वय से रोजगार सृजन को प्राथमिकता देंगे।
आज जब बिहार निवेश आकर्षण और रोजगार वृद्धि के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, तब उद्योग और पथ निर्माण विभाग का संयुक्त प्रभाव राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे सकता है। यदि योजनाएं समयबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से लागू होती हैं, तो आने वाले वर्षों में बिहार औद्योगिक निवेश, व्यापार विस्तार और नियोजन वृद्धि के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकता है। डॉ दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में यह आशा और विश्वास दोनों ही प्रबल होते दिख रहे हैं।




