भाकखमसं ने समरता दिवस पर जरूरतमंद वनवासियों में वितरित किया कंबल- दवा
शिविर लगा कराया स्वास्थ्य परीक्षण
भाकखमसं ने समरता दिवस पर जरूरतमंद वनवासियों में वितरित किया कंबल- दवा

शिविर लगा कराया स्वास्थ्य परीक्षण

कोरबा : भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन, बिलासपुर संबद्ध भारतीय मजदूर संघ द्वारा संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी की पुण्यतिथि पर सामाजिक समरसता दिवस के अवसर पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया गया। लगभग 65 किलोमीटर दुरांचल आदिवासी बाहुल्य वनवासी क्षेत्र चैतमा रोड, ग्राम सपलवा में संगठन द्वारा शिविर आयोजित कर सभी ग्रामवासियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर दवाई, कंबल, पुराने अच्छे कपड़े एवं बच्चों को फल व बिस्किट वितरण कर सभी ग्रामीणों के साथ सामूहिक सामाजिक समरसता भोज कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ दत्तोपंत ठेंगड़ी के छायाचित्र के समक्ष संगठन की वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं द्वारा दीप प्रज्वलित, पुष्प अर्पित कर श्रमिक गीत के साथ श्रद्धांजलि दी गई। संगठन द्वारा प्रत्येक वर्ष समरसता दिवस के रूप में अनेक कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। वनवासी ग्राम सपलवा में जनजातीय समुदाय एवं अन्य जाति के लोग निवासरत हैं, जो दैनिक जीवन में उपयोगी छोटी-छोटी संसाधनों से अति वंचित रहते हैं। संगठन ने गांव में निवासरत सभी वनवासी परिवारों का शिविर के माध्यम से कंपनी के डा अरविंद कुमार एवं उनकी टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही वश्यकता अनुसार दवाई का वितरण किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से टिकेश्वर सिंह राठौर अध्यक्ष अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ उपस्थित रहे। अध्यक्षता अश्विनी कुमार मिश्रा ने की। इसके अलावा डा अरविंद कुमार, डा एसके चंद्रा, मंच संचालन अशोक कुमार सूर्यवंशी महामंत्री, बीएस शाही, नगर उपकार्यवाह, हर्षवर्धन शर्मा, नगर उपकार्यवाह, ललित सिंह, सरपंच ग्राम पंचायत सपलवा के अलावा भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन, बिलासपुर (बीएमएस) कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के सभी जेसीसी, सेफ्टी, वेलफेयर बोर्ड सदस्य तथा सभी इकाइयों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम सपलवा के लगभग 365 लोग उपस्थित रहे।
