जन्मदिन मना कर लौट रहे दो दोस्त की बाइक टकराई ओवहरब्रिज से, नीचे गिरने से मौत
भैसमा के पास हुई घटना, तेज रफ्तार बाइक टकराई रेलिंग से, छिटक कर गिरे
जन्मदिन मना कर लौट रहे दो दोस्त की बाइक टकराई ओवहरब्रिज से, नीचे गिरने से मौत
0 भैसमा के पास हुई घटना, तेज रफ्तार बाइक टकराई रेलिंग से, छिटक कर गिरे


कोरबा : तेज रफ्तार के कहर ने दोस्तों के साथ जन्म दिन मना कर वापस लौट रहे दो युवकों की जान ले ली। तेज रफ्तार बाइक नियंत्रित नहीं हो सकी और ओवहरब्रिज के रेलिंग से जा टकराई। घटना में बाइक से छिटक कर दोनों युवक 25 फीट नीचे जमीन पर जा गिरे और सिर पर गंभीर चोंट लगने से मौत हो गई।
मामला उरगा थाना अंतर्गत कोरबा- चांपा मार्ग में भैसमा ओवहरब्रिज के पास सोमवार को हुई। बताया जा रहा है कि पाली- पड़निया निवासी आकाश 22 वर्ष और नितेश 26 वर्ष बाइक में सवार होकर भैसमा के समीप पिकनिक स्पाट अपने दोस्तों के साथ गए थे। जहां सभी दोस्तों ने आकाश का जन्म दिन मनाया। उसके बाद सभी दोस्त बाइक में सवार होकर वापस लौटने लगे। एक बाइक क्रमांक सीजी 12 बीएल 6435 में आकाश व नितेश एक साथ थे, लौटते वक्त बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, इसी बीच भैसमा ओवहरब्रिज में बाइक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से जा टकराई। घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक से छिटक कर दोनों दोस्त ओवहरब्रिज के नीचे जा गिरे। घटना में दोनों को गंभीर रूप चोंट लगी। दुर्घटना के बाद स्थल पर देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच किसी ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवकों को जिंदा समझ तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, पर डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन भी स्थल पर पहुंच गए। मृतक के चाचा रूप कुमार कंवर ने बताया कि आकाश का आज जन्मदिन था और वह अपने दोस्तों के साथ भैसमा के पास पिकनिक मनाने गया हुआ था। नितेश और आकाश दोनों ने उनसे घूमने जाने की बात कह कर बाइक मांग कर ले गए। दोस्तों के साथ पिकनिक से वापस लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। फोन पर सूचना मिलने पर स्थल पहुंचे हैं। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया।
सड़क दुर्घटना में 22 दिन में 18 मौत
वाहनों के तेज रफ्तार में अंकुश लगने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 22 दिनों में 18 लोगों की जान सड़क दुर्घटना में जा चुकी है। ऐसा नही है कि सभी दुर्घटना एक स्थान पर हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही जिले की अन्य सड़कों में भी दुर्घटनाएं हो रही हैं। हालांकि कटघोरा- बिलासपुर व कटघोरा अंबिकापुर मार्ग में ज्यादा घटनाएं हुई हैं और अधिकांश में लोगों को जान गंवानी पड़ी है। जिला व पुलिस प्रशासन दुर्घटना रोकने हर संभव प्रयास कर रही है। ब्लैक स्पाट चयनित कर उसे दुरूस्त करने पिछले दिनों सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया था, पर अभी तक कोई पहल नहीं हो सकी है।
शराब का नशा भी बन रहा दुर्घटना का कारण
सड़क दुर्घटनाओं में सबसे बड़ा कारण नशा भी बनता जा रहा है। शराब के नशे में लोग तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं। इससे वाहन पर नियंत्रण हट रहा और दुर्घटनाएं हो रही है। पुलिस शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की बार- बार समझाइश दे रही है, पर इस पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। दुर्घटना के बाद लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।
