इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से हराया

INDIA. भारत ने दूसरे मैच में एकतरफा खेल दिखाया जिसके सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ खास नहीं कर सकी और मैच हार गई. इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है. भारत के लिए इस मैच में तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं.
भारतीय बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से हरा दिया. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल, इशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ की अर्धशतकीय पारियों के बूते निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 235 रन बनाए. इस विशाल स्कोर के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बाद नौ विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी. भारत की तरफ से रवि बिश्नोई ने तीन विकेट लिए. इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है.
यशस्वी जायसवाल ने 53, गायकवाड़ ने 58 और इशान किशन ने 52 रनों की पारी खेली. अंत में रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपनी फिनिशिंग स्किल्स का प्रदर्शन किया और नौ गेंदों पर तूफानी अंदाज में नाबाद 31 रन बना डाले. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टोयनिस ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी फेल
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को स्टीव स्मिथ और मैथ्यू शॉर्ट ने तेज शुरुआत देने की कोशिश की. शुरुआती दो ओवरों में ये दोनों सफल भी रहे लेकिन इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने तीसरे ओवर में रवि बिश्नोई को गेंद सौंपी. रवि ने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर शॉर्ट (19) को पवेलियन की राह दिखाई. पिछले मैच में शतक जमाने वाले बल्लेबाज जॉश इंग्लिस भी इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए. पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर रवि ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच करा पवेलियन भेज दिया. उन्होंने दो रन ही बनाए. ग्लेन मैक्सवेल (12) खतरा हो सकते थे लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें जायसवाल के हाथों कैच करा भारत को बड़ी सफलता दिलाई. आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने स्टीव स्मिथ को भी पवेलियन भेज दिया था. स्मिथ ने 19 रन बनाए.
