डब्ल्यूसीएल के सीएमडी द्विवेदी ने संभाला एसईसीएल सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार
डब्ल्यूसीएल के सीएमडी द्विवेदी ने संभाला एसईसीएल सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार

0 क्षेत्रीय महाप्रबंधकों व विभागाध्यक्षों की ली बैठक, उत्खनन की समीक्षा की
कोरबा । वेस्टर्न कोल्फ़ील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) नागपुर के सीएमडी जय प्रकाश द्विवेदी ने एसईसीएल सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार शनिवार को बिलासपुर पहुंच कर संभाल लिया। कोयला मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत द्विवेदी नियमित सीएमडी के आने तक इस पद का दायित्व संभालेंगे। मुख्यालय आगमन पर निदेशक मण्डल, सीवीओ व विभागाध्यक्षों ने उनका स्वागत किया तथा सुरक्षा टुकड़ी द्वारा गार्ड आफ आनर भी दिया गया। तदुपरांत उन्होंने मुख्यालय में सभी क्षेत्र के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्षों की बैठक ली। साथ ही उत्खनन कार्य की समीक्षा की। यहां बताना होगा कि द्विवेदी वर्तमान में डब्ल्यूसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले डबल्यूसीएल के निदेशक (तकनीकी) के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा, वे सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के बोर्ड में भारत सरकार के नामित निदेशक के रूप में भी पद संभाल रहे हैं। द्विवेदी को कोयला उद्योग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। इसमें कोल इंडिया लिमिटेड की विभिन्न सहायक कंपनियों में मेगा लेवल ओपनकास्ट के साथ-साथ भूमिगत कोयला खदानों के संचालन का कार्यानुभव शामिल है। उन्होंने आइआइटी-बीएचयू, वाराणसी से खनन इंजीनियरिंग में स्नातक पूरा करने के बाद 1986 में एक खनन इंजीनियर के रूप में कोल इंडिया लिमिटेड में अपना करियर शुरू किया। उन्होंने एसईसीएल में 28 साल, ईसीएल में चार साल और एनसीएल में तीन साल तक विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी। उन्होंने 1999 में मार्केटिंग मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा पूरा किया और देश-विदेश में आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है। उन्हें सभी प्रकार की कोयला खनन प्रौद्योगिकियों, ओपनकास्ट और भूमिगत खदानों में लांगवॉल माइनिंग, कंटीन्यूअस माइनर्स जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ पारंपरिक भूमिगत खदानों में कैविंग और स्टोइंग विधियों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने ईसीएल की झांझरा भूमिगत खदानों में कंटीन्यूअस माइनर्स (सीएम) की शुरूआत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों को विभिन्न मंचों से सम्मानित किया गया है और उन्हें इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स द्वारा सर्वश्रेष्ठ इंजीनियर पुरस्कार’ और सीआईएल द्वारा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र महाप्रबंधक – व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

