सेवा संकल्प अभियान के तहत 43 दिव्यांग हितग्राहियों को मिले सहायक उपकरण, दो युवतियों को मौके पर मिली व्हीलचेयर
कटघोरा में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन, 12 ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर और 13 श्रवण यंत्र किए गए वितरित

कटघोरा (सत्यम जायसवाल), 23 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कटघोरा के सांस्कृतिक भवन में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 43 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान 12 ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर एवं 13 श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान 17 वर्षीय सना निषाद एवं 17 वर्षीय जन्नत कुरैशी का मौके पर ही नया पंजीयन किया गया। उनकी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दोनों युवतियों को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। मौके पर सहायता मिलने से दिव्यांग हितग्राहियों को सुविधा प्रदान करने की दिशा में शिविर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दिव्यांगजनों की सेवा समाज की जिम्मेदारी : प्रेमचंद पटेल
कार्यक्रम में कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सरकारी सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायता मिलती है, जिससे उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी सहयोग मिलता है।
### जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
शिविर में कटघोरा एसडीएम, जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा समाज कल्याण विभाग कोरबा से श्री सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री एम.पी. सिंह ने किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कटघोरा श्रीमती झुलबाई कंवर, जिला महामंत्री श्री संजय शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा, भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी श्री राजेश यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री गोविंद सिंह कंवर, श्री राम प्रसाद कोराम, मंडल महामंत्री श्री समजीत सिंह, कटघोरा मंडल अध्यक्ष श्री श्रवण कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य युवा मोर्चा श्री पीयूष गर्ग एवं विधायक प्रतिनिधि जनपद कटघोरा श्री राजकुमार कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर दैनिक जीवन को आसान बनाना तथा उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग प्रदान करना रहा। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी श्री शिवशंकर जायसवाल ने दी।




