पहली बार रायपुर में होगी कोल इंडिया मानकीकरण समिति की बैठक
पहली बार रायपुर में होगी कोल इंडिया मानकीकरण समिति की बैठक
कर्मचारियों के लंबित मुद्दो पर होगी चर्चा
कोरबा । कोल इंडिया (सीआइएल) की जेबीसीसीआई- 11 की मानकीकरण समिति (स्टैंडराइजेशन कमेटी) की बैठक 9 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार होने जा रही इस बैठक की सूचना अधिकृत तौर पर कोल इंडिया के महाप्रबंधक (श्रम शक्ति एवं औद्योगिक संबंध) ने जारी कर सभी सदस्यों को उपस्थित होने कहा है। बैठक दोपहर तीन बजे से शुरू होगी। यहां बताना होगा कि इसके पूर्व बोनस तय करने के लिए मानकीकरण समिति की बैठक सितंबर माह में नई दिल्ली में आयोजित की गई थी। आगामी बैठक में मजदूरों से लंबित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा समिति के सदस्य श्रमिक नेताओं द्वारा मुद्दे रखे जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता कोल इंडिया के निदेशक पीएंडआइआर विनय रंजन करेंगे। साथ ही सभी कंपनी के निदेशक कार्मिक व निदेशक वित्त तथा यूनियन की ओर से बीएमएस से सुधीर घुरडे, मजरूल हक अंसारी, एचएमएस से नाथूलाल पांडेय, शिव कुमार यादव, एटक से रमेन्द्र कुमार, सीटू से डीडी रामानंदन तथा वैकल्पिक सदस्यों में बीएमएस से यादगिरी सतहैया, एचएमएस रियाज अहमद, एटक से हरिद्वार सिंह तथा सीटू से आरपी सिंह उपस्थित रहेंगे।
