एसईसीएल, भू-विस्थापित व प्रशासन के मध्य हुई त्रिपक्षीय बैठक, आंदोलन स्थगित
पंचायत भवन में चस्पा होगी मुआवजा की जानकारी
एसईसीएल, भू-विस्थापित व प्रशासन के मध्य हुई त्रिपक्षीय बैठक, आंदोलन स्थगित

पंचायत भवन में चस्पा होगी मुआवजा की जानकारी
कोरबा : साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड एसईसीएल गेवरा क्षेत्र मुख्यालय में हुई बैठक के बाद भू-विस्थापितों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। बैठक में सहमित बनी कि मुआवजा की जानकारी के लिए पंचायत भवन में सूची चस्पा की जाएगी। प्रभावितों की शिकायत सुन कर मुआवजा व रोजगार के प्रकरण का निराकरण किया जाएगा।
गेवरा महाप्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक प्रेमचंद पटेल, एसडीएम पाली सीमा पात्रे, हरदीबाजार तहसीलदार, सीजीएम गेवरा एसके मोहंती, ऊर्जाधानी संगठन के पदाधिकारी और आमगांव के ग्रामीणों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पांच सूत्रीय मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा किया गया और मुआवजा की कटौती पर ग्रामीणों से शिकायत दर्ज कराने तथा उनके मकानों का भौतिक सत्यापन कर 2020 से पूर्व की स्थिति में बने मकानों को पूर्ण मुआवजा देने, शासकीय भूमि पर निर्मित मकानों के लिए दूसरे क्षेत्र की वस्तुस्थिति अनुसार बसाहट या छह लाख रुपये प्रदान करने, अमगांव के पुनर्वास नेहरू नगर में संपूर्ण सुविधा और विकास कार्य पूरा करने, रोजगार के लिए अपात्र लोगों को पांच लाख रुपये बढ़ी दर के लिए ग्राम सभा आयोजित कर प्रस्ताव भेजने, निजी हक की भूमि पर स्थित मकानों का शत प्रतिशत सोलिशियम देने पर एसईसीएल प्रबंधन और एसडीएम ने सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद 15 दिनों के लिए शुक्रवार को प्रस्तावित खदानबंद आंदोलन को स्थगित कर दिया। बैठक में एसईसीएल के सभी राजस्व अधिकारी, जनपद सदस्य अनिल टंडन, ग्राम पंचायत सरपंच बृजकुंवर, ऊर्जधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के विजय पाल सिंह तंवर, बसंत कुमार कंवर, दीपक यादव, अनुसुइया राठौर, ललित महिलांगे, बसंत चौहान, मनीराम भारती, संध्या राठौर, उमा राठौर, सरस्वती महंत, नंदनी समेत अनेक लोग शामिल रहे।

