जागरूक रह कर हासिल कर सकते हैं शून्य दुर्घटना लक्ष्य
0 डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह में अग्निशमन सप्ताह
जागरूक रह कर हासिल कर सकते हैं शून्य दुर्घटना लक्ष्य
0 डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह में अग्निशमन सप्ताह
कोरबा : डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा पूर्व में अग्निशमन सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान संयंत्र के कार्यपालक निदेशक डा हेमंत सचदेव ने कहा कि छोटी-छोटी गलतियां बड़ा रूप धारण कर लेती है। अग्नि दुर्घटना से बचने के लिए जागरूक रहने तथा औरों को भी जागरूक करने कहा, तब ही हम संयंत्र क्षेत्र में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगें।
संयंत्र के प्रेक्षागृह में कार्यपालक निदेशक उत्पादन डा हेमंत सचदेव के मुख्य आतिथ्य व अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत के अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता अंजना कुजुर तथा संजीव कंसल, एलएन सूर्यवंशी एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ मालती जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शुभारंभ कार्यपालक निदेशक द्वारा अग्निशमन सेवा ध्वजारोहण कर एवं उपस्थित सभी अधिकारी- कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक डा सचदेव द्वारा अग्निशमन सुरक्षा मार्ग दिग्दर्शिका का विमोचन किया गया। कारखाना प्रबंधक संजीव कंसल ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों का अग्निवीर के नाम से संबोधन कर सम्मान किया जाना चाहिए। औद्योगिक इकाई में अग्नि दुर्घटनाओं की संभावना अधिक होती है। इसलिए निरंतर प्रशिक्षण व माकड्रिल का अभ्यास करना प्रशंसनीय है। इसे केवल अग्निशमन कर्मचारी ही नहीं संयंत्र के अन्य सभी कर्मचारियों को भी सीखने का प्रयास करना चाहिए। अंजना कुजूर ने कहा कि आपात काल के लिए सिर्फ फायर सेफ्टी ही नहीं, हम सभी को सजग रहना चाहिए। राजेश्वरी रावत ने कहा कि संयंत्र के दमकल कर्मी अपने कार्य के लिए सदैव तत्पर रहते है साथ ही संयंत्र के अलावा जिला स्तर की अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूरी सजगता से सहभागिता निभाते है। एलएन सूर्यवंशी ने कहा कि सभी को अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मालती जोशी ने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि के श्रोतों में सावधानी के साथ कार्य को करें। कार्यपालन अभियंता अतुल गुप्ता ने सप्ताह भर आयोजित होने वाली कार्यक्रमों की जानकारी दी। आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता संरक्षा आरपी टंडन तथा संचालन सहायक अभियंता प्रकाश देवांगन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपअग्निशमन अधिकारी आरएस परस्ते, महिपाल कैवर्त, राहूल कश्यप, अजय दास, पुरूषोत्तम यादव का सहयोग सराहनीय रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी व ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।
