चोरी व गुम हुई 201 मोबाइल को सात राज्यों से ढूंढ निकाला पुलिस ने
चोरी व गुम हुई 201 मोबाइल को सात राज्यों से ढूंढ निकाला पुलिस ने
चोरी व गुम हुई 201 मोबाइल को सात राज्यों से ढूंढ निकाला पुलिस ने
कोरबा। साइबर सेल कोरबा की गुम और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस कर रिकव्हर करने की कार्रवाई नियमित जारी है। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने दो माह के अंदर चोरी हुए 201 मोबाइल को खोज कर उनके वास्तविक स्वामी को वापस लौटाया।
वर्ष 2021 से साइबर सेल की टीम चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस कर लगातार वास्तविक स्वामी को लौटा रही है। अब तक लगभग 1200 से अधिक गुम और चोरी हुए मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामी को लौटाया जा चुका है। इन रिकव्हर किए गए गुम मोबाइलों का वर्तमान बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजय सोनवानी व टीम द्वारा दो माह में 201 गुम व चोरी हुए मोबाइलों को रिकवर किया गया। इसकी वर्तमान बाजार मूल्य करीब 21 लाख रुपये है। इसे सायबर सेल द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा सीमावर्ती मध्य प्रदेश, ओड़िशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार से कोरियर के माध्यम से मंगाया गया। चोरी- गुम हुए मोबाइल के उपयोग करने वालों को साइबर सेल द्वारा कानूनी कार्रवाई की समझाइश देकर रिकवर किए गए मोबाइलों में कई महंगे सेट शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान व नेहा वर्मा एवं सायबर सेल पर्यवेक्षण अधिकारी नगर पुलिस अधीक्षक दर्री रविन्द्र मीना द्वारा रिकवर किए गए 201 मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया गया। मोबाइल प्राप्त करते समय मोबाइल स्वामी काफी खुश नजर आए। उन्होंने कोरबा पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित कर कहा कि उन्हें विश्वास था कि उनका गुम मोबाइल पुलिस जरूर ढूंढ निकालेगी।
पोर्टल में दर्ज की जा रही गुम- चोरी की जानकारी
जिले के साइबर सेल तथा थाना, चौकियों में लगातार गुम और चोरी मोबाइलों के संबंध में आवेदन प्राप्त हो रहा है। इसलिए यह बताना आवश्यक है कि भारत सरकार, संचार मंत्रालय द्वारा गुम- चोरी मोबाइल के संबंध में सेंट्रल इक्वीपमेंट आइडेंटी रजिस्टर पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पर गुम- चोरी की सूचना आनलाइन दिया जा सकता है। यह पोर्टल भारत सरकार द्वारा प्रमाणित है। पोर्टल पर गुम-चोरी मोबाइल की सूचना देकर मोबाइल को ब्लाक और फिर अनब्लाक किया जा सकता है, इससे मोबाइल के डाटा सुरक्षित रहता है। साथ ही जब कभी गुम- चोरी मोबाइल पर नया सिम इंसर्ट होता है तो सूचनाकर्ता के दूसरे मोबाइल नंबर पर सूचना चली जाती है। दूसरी ओर इस ऐप में दर्ज गुम व चोरी मोबाइल की शिकायतों पर पुलिस कार्यवाही करती है। बता दें कि साइबर सेल द्वारा गुम- चोरी के आवेदन अब नहीं लिए जा रहे हैं, अपितु थाना- चौकी व जनता द्वारा स्वयं इस पोर्टल के माध्यम से आनलाइन फार्म भरकर तथा दस्तावेज अपलोड कर अपने गुम- चोरी हुए मोबाइल के संबंध में रिपोर्ट दर्ज भी करा सकते है।




