खान सुरक्षा महानिदेशालय पश्चिम अंचल के साथ कंपनी-स्तरीय द्विपक्षीय खान सुरक्षा बैठक
खान सुरक्षा महानिदेशालय पश्चिम अंचल के साथ कंपनी-स्तरीय द्विपक्षीय खान सुरक्षा बैठक
खान सुरक्षा महानिदेशालय पश्चिम अंचल के साथ कंपनी-स्तरीय द्विपक्षीय खान सुरक्षा बैठक

कोरबा : एसईसीएल में खान सुरक्षा महानिदेशालय पश्चिम अंचल नागपुर, बिलासपुर एवं रायगढ़ क्षेत्र के अधिकारियों के साथ कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय खान सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बताया गया कि कंपनी द्वारा सुरक्षा जागरूकता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के नतीजन वर्ष 2023-24 में गंभीर दुर्घटनाओं की संख्या में 54 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है वहीं जानलेवा दुर्घटनाओं में 25 प्रतिशत की कमी आई है। मुख्य अतिथि रामावतार मीना, उप-महानिदेशक खान सुरक्षा, पश्चिमी अंचल, नागपुर एवं सभी अतिथियों ने एसईसीएल में सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों की सराहना की। साथ ही खदानों में सुरक्षा से जुड़े उपायों की समय- समय पर समीक्षा करने एवं खनिकों को सुरक्षा एवं बचाव के लिए दिए जाने वाले प्रशिक्षण पर जोर दिया।
बैठक का शुभारंभ सुरक्षा दीप प्रज्जवलन से हुआ, तदुपरांत कोलइंडिया कारपोरेट गीत बजाया गया। इसके पश्चात कार्य के दौरान वीरगति को प्राप्त करने वाले श्रमवीरों दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई एवं समस्त उपस्थितों द्वारा सुरक्षा शपथ लिया गया। बैठक में सभी आगंतुकों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। स्वागत संबोधन जीपी शर्मा महाप्रबंधक खान सुरक्षा-बचाव ने सुरक्षा के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। बैठक में पावरप्वाईंट के माध्यम से मुख्यालय एवं सभी संचालन क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों के बारे में अतिथियों को अवगत कराया गया। बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय से वीर प्रताप, निदेशक खान सुरक्षा रायगढ़ क्षेत्र, मुकेश कुमार सिन्हा, निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र- क्रमांक एक, राजेश कुमार सिंह निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र- क्रमांक दो, मनोज कुमार गुप्ता, निदेशक खान सुरक्षा पश्चिमी अंचल, नागपुर, टी श्रीनिवास, निदेशक खान सुरक्षा पश्चिमी अंचल, नागपुर, अरुण कुमार, उप निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र- क्रमांक दो, बी भद्रू, उप-निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र- क्रमांक एक, एवं एसईसीएल प्रबंधन से निदेशक तकनीकी संचालन एसएन कापरी, निदेशक योजना- परियोजना फ्रैंकलिन जयकुमार, मुख्यालय से सुरक्षा एवं बचाव विभाग सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में संजीव अग्रवाल मुख्य प्रबंधक (खनन) द्वारा पावर प्वाईंट के जरिए प्रस्तुति दी गयी एवं बैठक में उद्घोषणा का दायित्व मुख्य प्रबंधक खनन सौरभ पांडे द्वारा निभाया गया। बैठक के सफल आयोजन में एसईसीएल सुरक्षा एवं बचाव विभाग की सक्रिय भूमिका रही।
खदानों में नयी तकनीक पर जोर
एसईसीएल प्रबंधन ने जानकारी दी कि भूमिगत खदानों में कामगार साथियों के आवावगमन की सुविधा के लिए मैन रायडिंग सिस्टम की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। एसईसीएल में वर्तमान में 17 मैन राइडिंग सिस्टम लगाए जा चुके हैं। एसईसीएल के खैरहा, विंध्या खदानों में 3 नए मैन रायडिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं, वहीं पांच अनुमोदन के स्तर पर हैं। मैन रायडिंग सिस्टम में कामगार साथी पैदल चलने के बजाए मैकेनाईज्ड परिवहन व्यवस्था से खदान के फेस के समीप तक पहुंच जाते हैं, इससे उत्पादकता में बढ़ोत्तरी आती है।
