दुर्गा उत्सव समिति की बैठक संपन्न,नवयुवकों के नेतृत्व में होगा पूजा अर्चना

कटघोरा (सत्यम जायसवाल ) जवाली में आगामी नौ दिवसीय दुर्गा उत्सव पर्व 2026 के आयोजन को लेकर दुर्गा उत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ ग्राम के स्वयंसेवकों के नेतृत्व में ग्राम के समस्त देवी-देवताओं के जयकारों के साथ किया गया।
बैठक में पूर्व आयोजक समिति की ओर से ग्राम में दुर्गा पूजा की परंपरा एवं पूर्व आयोजनों की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। जानकारी के अनुसार ग्राम में सर्वप्रथम पाण्डेय महाराज के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में वर्ष 2002 में बारदेवली में दुर्गा माता की पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई थी। इसके पश्चात यह धार्मिक आयोजन निरंतर आगे बढ़ता रहा।
इसी क्रम में जवाली बाजार मोहल्ले में सम्मे लाल पटेल की पुत्री साधना के नाम से वर्ष 2008 से दुर्गा पूजा का आयोजन प्रारंभ किया गया। कोरोना काल के दौरान भी धार्मिक परंपरा को बनाए रखते हुए प्रतीकात्मक रूप से पूजा-अर्चना की गई तथा इसके बाद से आयोजन निरंतर जारी है।
बैठक के दौरान वर्ष 2025 के आयोजन की संपूर्ण जानकारी एवं अनुभवों पर चर्चा की गई। आगामी वर्ष के आयोजन को और अधिक सुव्यवस्थित, सामूहिक एवं धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गा उत्सव 2026 का आयोजन नवयुवकों के तत्वावधान में किया जाएगा।
बैठक में आयोजन की प्रारंभिक तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा, धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा ग्रामवासियों की सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग एवं सहभागिता का आश्वासन दिया। बैठक में गाँव के विभिन्न क्षेत्र के लगभग सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी सहमति दिए ।




