Uncategorized

कटघोरा के पूर्वांशु नेताम ने बढ़ाया क्षेत्र का मान – राष्ट्रीय कबड्डी स्पर्धा के लिए हुआ चयन

 

कटघोरा ( सत्यम जायसवाल ) शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय कटघोरा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी पूर्वांशु नेताम ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर नगर और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 25 सितम्बर तक दुर्गा महाविद्यालय रायपुर में किया गया था, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के 11 सेक्टरों की टीमें शामिल हुईं। इस प्रतियोगिता में दुर्ग सेक्टर विजेता और रायपुर सेक्टर उपविजेता रही।

पूर्वांशु नेताम, जो कि बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के छात्र हैं, ने इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी शानदार खेल शैली, दमदार छापे और फुर्तीले बचाव से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित किया गया है, जो 6 से 9 अक्टूबर तक डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, कोटा बिलासपुर में आयोजित की जाएगी। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि कटघोरा महाविद्यालय के खेल विकास और मार्गदर्शन का भी प्रतीक है।

पूर्वांशु की इस सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मदन मोहन जोशी ने बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “पूर्वांशु ने कटघोरा महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है और यह आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।” इसी तरह क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती राजकुमारी मरकाम, क्रीड़ा समिति सदस्य श्री भुवनेश्वर कुमार, डॉ. धरमदास टंडन, श्री यशवंत जायसवाल, सुश्री प्रतिमा कंवर एवं समस्त प्राध्यापक एवं स्टाफ ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button