“ऑपरेशन सिंदूर”: कटघोरा में महिला सशक्तिकरण की बुलंद आवाज

कटघोरा, (सत्यम जायसवाल) — महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में महिलाओं की भागीदारी को मजबूती देने के उद्देश्य से सोमवार को “ऑपरेशन सिंदूर” के नाम से एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नगर पालिका कार्यालय से सुबह 11:00 बजे शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे शहीद वीर नारायण चौक तक निकाली गई।
रैली में महिलाओं ने जोश और उत्साह के साथ नारे लगाते हुए अपने अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज बुलंद की। इस जागरूकता रैली में वार्ड क्रमांक 1 से पार्षद राजेश्वरी यात्रा तथा वार्ड क्रमांक 5 से पार्षद मधुलता कश्यप ने भागीदारी निभाई। उनके साथ नगर पालिका की अधिकारी पी.आई.यू. मैडम, प्रांजलि तिवारी, चंद्रकुमारी कश्यप तथा चेतन मरकाम भी इस आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कटघोरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सफाई महिला कर्मचारी एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी रैली में भारी संख्या में मौजूद थीं। नारों की गूंज और उत्साही महिलाओं की मौजूदगी ने नगर की गलियों में एक नया जोश भर दिया। रैली के माध्यम से महिलाओं ने समाज को यह संदेश दिया कि वे अब चुप नहीं बैठेंगी, बल्कि हर मुद्दे पर अपनी भूमिका निभाएंगी और बराबरी का हक लेकर रहेंगी।

नगर पालिका की ओर से इस अभियान को सफल बनाने हेतु विशेष प्रबंध किए गए थे। “ऑपरेशन सिंदूर” नारी शक्ति का प्रतीक बनकर सामने आया है, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया कि बदलाव की असली शुरुआत महिलाओं से ही होती है।




