Uncategorized

कटघोरा में नाली सफाई कार्य ने पकड़ी रफ्तार, जनता ने जताया संतोष

 

( सत्यम जायसवाल )

कटघोरा, 12 मई 2025 — नगर पालिका कटघोरा द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान इन दिनों पूरे नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषकर नाली सफाई को लेकर नगर प्रशासन द्वारा की जा रही सक्रियता से स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से लोगों को जो गंदगी और बदबू की समस्या परेशान कर रही थी, अब उसमें राहत मिलती नजर आ रही है।

आज दिनांक 12 मई से पूरे कटघोरा में नाली सफाई कार्य को गति दी गई है। नगर के हर वार्ड में साफ-सफाई की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाई जा रही है। इस कार्य के पीछे नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), वार्ड पार्षदों सहित कई कर्मठ नगर कर्मचारी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

खास तौर पर फ़राज़ खान, बड़कू भैया , ज़ैनुल खान, अजय, तरुण, संतोष और तुलसी जैसे नगर पालिका के कर्मियों की मेहनत और तत्परता की लोग सराहना कर रहे हैं। ये सभी सफाई कार्य की निगरानी और अमल में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिससे काम समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो रहा है।

नाली सफाई कार्य से न केवल गंदगी कम हुई है, बल्कि बीमारियों के खतरे में भी कमी आई है। गर्मी के मौसम में जहां बदबू और संक्रमण की समस्या अधिक होती है, वहीं समय पर सफाई शुरू होना नगर प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

नगरवासियों ने नए अध्यक्ष और पार्षदों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में नगर पालिका पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से काम कर रही है। लोगों को विश्वास है कि आने वाले समय में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्य होते रहेंगे।

नगर पालिका कटघोरा टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद और शुभकामनाएं दी गई हैं। यह पहल ‘स्वच्छ कटघोरा – स्वस्थ कटघोरा’ की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Related Articles

Back to top button