संस्कार भारती का दीपावली मिलन समारोह, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
संस्कार भारती का दीपावली मिलन समारोह, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

संस्कृति को बढ़ावा देने का काम करती है संस्कार भारती
कोरबा – कटघोरा (शिवशंकर जायसवाल)। संस्कार भारती जिला द्वारा दिवाली परिवार मिलन समारोह का आयोजन रशियन हास्टल कोरबा के भवन में किया गया। संस्कार भारती कला एवं साहित्य जगत के क्षेत्र में कार्य करने वाली अखिल भारतीय सांस्कृतिक संगठन है। भारतीय संस्कृति की ओर सबकी रुचि को बांधकर रखने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में जिला आयुर्वेद अधिकारी डा उदय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों का भारतीय परंपरानुसार तिलक रैली लगाकर स्वागत किया गया। संस्कार भारती जिला कोरबा के महामंत्री शिव दुबे ने अपने उद्बोधन में संगठन के उद्देश्य रीति-नीति एवं कला क्षेत्र के लिए व्यक्ति के दायित्व के संबंध में अपनी बात रखी। संस्कार भारती कोरबा के अध्यक्ष कामेश्वरधर दीवान ने अपने उद्बोधन में कला क्षेत्र में हो रहे सांस्कृतिक प्रदूषण के परिणामस्वरूप समाज में आ रही विकृतियों पर अपनी बात रखी। इन विकट समस्याओं से निपटने के लिए कला क्षेत्र में भारतीय संस्कृति के परंपरानुसार सभी को कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में बाल कला साधक पर आधारित एक विशिष्ट कार्यक्रम का आयोजन की रुपरेखा बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य हम अपने बच्चों में गुरु शिष्य परंपरा से शास्त्रीय कला के प्रति रुचि जागृत कर उन्हे भारतीय संस्कृति से अवगत कराना है। साहित्य, लोक कला, संगीत, नृत्य, नाटक आदि के माध्यम से संस्कार भारती हमेशा से ही इस संस्कृति को बढ़ावा देने का काम करती आई है। इस अवसर संस्कार भारती के कई कलाकारों ने भु-अलंकरण, नृत्य व भजन, संगीत की प्रस्तुति की। बच्चों महिलाओं और पुरुषों के लिए विभिन्न प्रकार के रोचक खेलकूद के साथ बौद्धिक खेल तथा सांस्कृतिक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। कोरबा संयोजन समिति के मंत्री अयेन्द्र सिंह तोमर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्कार भारती जिला कोरबा के उपाध्यक्ष पारसनाथ योगी, प्रांत लोककला संयोजक अरुण दास वैष्णव, आइटी प्रमुख, भवानी गोपाल, कोरबा की विभिन्न इकाई के राज्यादेश सदस्य विष्णु शर्मा, भारत-भूषण साहू, कन्हैया यादव, उपस्थित रहे।

