महाशिवरात्रि पर राधा सागर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
![]()

(सत्यम जायसवाल)
कटघोरा: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राधा सागर मंदिर के पास भारी भीड़ देखी गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रांगण हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा, और भक्तों की आस्था देखते ही बन रही थी।
पूजा के दौरान पंडित पवन ओझा ने विधिवत पूजा संपन्न करवाई। उन्होंने मंत्रोच्चारण और रुद्राभिषेक के माध्यम से भगवान शिव का आह्वान किया। भक्तों ने बेलपत्र, दूध, और जल अर्पित कर भोलेनाथ की कृपा पाने की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर रात्रि जागरण भी किया।
पूजा के उपरांत पंडित पवन ओझा द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं को मीठा और फल वितरित कर पुण्य का लाभ दिया गया। इस दौरान भक्तजनों ने भक्ति गीत गाकर माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया। राधा सागर मंदिर का यह आयोजन श्रद्धा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण बना।

