10 वीं व 12 वीं के टापर 80 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
एसईसीएल श्रद्धा महिला मंडल का आयोजन
10 वीं व 12 वीं के टापर 80 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
एसईसीएल श्रद्धा महिला मंडल का आयोजन
कोरबा : एसईसीएल श्रद्धा महिला मंडल द्वारा मेधा सम्मान समारोह 2024 का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बिलासपुर जिला एवं एसईसीएल के सभी संचालन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के सरकारी स्कूलों के टापर बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान के रूप में सभी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 10000 रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही मण्डल द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए सभी बच्चों को एक पौधा भी भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का पूनम मिश्रा, अध्यक्षा श्रद्धा महिला मंडल के मुख्य आतिथ्य में वसंत विहार स्थित रवीद्र भवन में किया गया। इस दौरान राजी श्रीनिवासन, उपाध्यक्षा श्रद्धा महिला मण्डल एवं मुख्यालय की सदस्य संगीता कापरी एवं बी अनीता की विशिष्ट उपस्थिति रही। मुख्यालय एवं संचालन क्षेत्रों की समितियों की सदस्य भी उपस्थित रहीं। सम्मान समारोह के अंतर्गत बिलासपुर जिले एवं एसईसीएल के संचालन क्षेत्र, बैकुंठपुर, विश्रामपुर, चिरमिरी, हसदेव, भटगांव, जमुना-कोतमा, सोहागपुर, जोहिला, कोरबा, कुसमुंडा, दीपका, गेवरा, रायगढ़ आदि में अवस्थित सरकारी स्कूलों में 10 वीं-12वीं में टाप करने वाले 80 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में पूनम मिश्रा, अध्यक्षा श्रद्धा महिला मंडल ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि श्रद्धा महिला मण्डल समाज के अंतिम व्यक्ति खासकर युवाओं और बच्चों तक पहुंच कर उनको सशक्त करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बच्चों से कहा कि आज आप कड़ी मेहनत करके इस स्थान पर पहुंचे हैं और आगे भी आपको इसी तरह मेहनत कर अपने और अपने माता-पिता के सपनों को साकार करना है और श्रद्धा महिला मण्डल जितना संभव हो सके, इसमें आपकी मदद करेगा। इस अवसर पर सम्मान पाकर बच्चे बेहद खुश नजर आए और सभी बच्चों ने इस आयोजन के लिए मंडल का धन्यवाद दिया। साथ ही आयोजन के दौरान मिले पौधे की देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
