स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी
एचटीपीपी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया
स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी
एचटीपीपी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया
कोरबा । पर्यावरण अनुकूल आदतों एवं व्यवहारों को जीवन के अभिन्न हिस्से के रूप में आत्मसात् करने के उद्देश्य से भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ( मिशन लाइफ स्टाइल फार एन्वायरमेंट ) के तहत हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों का विधिवत् समापन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक उत्पादन संजय शर्मा के सानिध्य एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता पीके स्वेन, एमके गुप्ता, सुधीर कुमार पंड्या, आरके पांडे, संजय तिवारी, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके कुरनाल, संकल्प महिला मंडल, एचटीपीएस, कोरबा पश्चिम की अध्यक्षा निहारिका शर्मा की उपस्थिति में लाल मैदान, कोरबा पश्चिम के समीप कालोनी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए हरित प्रतिज्ञा दिलाई गई। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के दर्री स्थित ताप विद्युत गृह में मई माह से पांच जून तक हरित प्रतिज्ञा, साइकिल रैली, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक के पुनर्प्रयोग से संबंधित प्रतियोगिता, पौधारोपण एवं बागवानी कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण पर आधारित चित्रकला एवं नारा प्रतियोगिता के आयोजन द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही इन रचनात्मक कार्यक्रमों की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यपालक निदेशक शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में धरती तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए अधिकाधिक पौधारोपण के साथ ही जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण सुरक्षा पर हमारे द्वारा चलाए गए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का मकसद महज आयोजन करना नहीं है, अपितु पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य हैं । क्योंकि स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी है इसलिए पर्यावरण को जीने लायक बनाएं रखना हमारी जिम्मेदारी हैं ।
