पहले शौकिया तौर और अब शरीर को स्वस्थ रखने चला रहे साइकिल
पर्यावरण सरक्षण के संदेश के साथ एचटीपीपी में साईकिल रैली
पहले शौकिया तौर और अब शरीर को स्वस्थ रखने चला रहे साइकिल
पर्यावरण सरक्षण के संदेश के साथ एचटीपीपी में साईकिल रैली
कोरबा । हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम (एचटीपीपी) पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। संयंत्र के कार्यपालक निदेशक उत्पादन संजय शर्मा के अगुवाई में कार्यक्रम की शुरूआत हरित प्रतिज्ञा से हुई। तत्पश्चात संकल्प महिला मंडल, कोरबा पश्चिम की अध्यक्षा निहारिका शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली सीनियर क्लब से प्रारंभ हुई तथा कालोनी परिसर से होते हुए पुनः सीनियर क्लब पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में संयंत्र के अधिकारी- कर्मचारी एवं उनके स्वजनों समेत समाज के प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया। रैली के प्रति बच्चों में विशेष आकर्षण देखने को मिला। इस अवसर पर साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संजय शर्मा ने कहा कि साइकिल सबसे सस्ता एवं किफायती वाहन हैं, साथ ही पेट्रोल डीजल की खपत न होने के कारण साइकिल पर्यावरण को संरक्षित रखने एवं शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सर्वोत्तम साधन हैं। रोजाना साइकिल चलाने से पाचन तंत्र, फेफड़े, हृदय मजबूत होने के साथ ही मन भी स्वस्थ रहता हैं। इसी वजह से संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष तीन जून को अंतर्राष्ट्रीय साइकिल दिवस के रूप में मनाएं जाने का निर्णय लिया गया हैं। तदुपरांत अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए शर्मा ने कहा कि गिरते पड़ते साइकिल चलाना सीखने को हम अपने जीवन का पहला एडवेंचर कह सकते हैं। हम पहले साइकिल शौकिया तौर पर चलाया करते थे और अब शरीर को स्वस्थ रखने के लिए एक बार पुनः साइकिल की आवश्यकता महसूस हो रही हैं। आजकल युवाओं में फिट रहने की जागरुकता ने साइकिल के प्रचलन को पुनः तेजी से बढ़ाया हैं जो समाज तथा पर्यावरण के लिए अच्छा संकेत हैं।
