एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी शिवनाथ व इंटरसिटी एक्सप्रेस
रेल यात्रियों को मिलेगी बेहतर आरामदायक सुविधा
एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी शिवनाथ व इंटरसिटी एक्सप्रेस
0 
कोरबा। रेल प्रबंधन द्वारा यात्रियों को आरामदायक बेहतर सुविधा दिलाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। अधिकांश ट्रेन में एलएचबी (लिंक हाफमैन बुश) कोच लगाए जा रहे हैं। अब कोरबा से कोरबा- नेताजी सुभाष चंद्रबोस इतवारी- कोरबा, शिवनाथ एक्सप्रेस तथा इंटरसिटी एक्सप्रेस में एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी। रेल प्रबंधन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और आगामी 12 मार्च से ट्रेन नए कोच के साथ चलेगी।
रेल्वे प्रशासन द्वारा यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर प्रयास किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) से चलने- गुजरने वाली सभी गाड़ियों में योजनाबद्ध तरीके से पुराने पारंपरिक कोचों के बदले सुविधाजनक, आरामदायक और ज्यादा सुरक्षित नई तकनीक वाले एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जो यात्रियों के लिए काफी आरामदायक व सुविधायुक्त होता है, साथ ही रेल परिचालन की दृष्टि से एलएचबी कोच काफी सुरक्षित भी है। वर्तमान समय की मांग पर अगर स्पीड की बात की जाए, तो ये कोच सामान्य कोचों की अधिकतम गति 110-130 किलोमीटर की तुलना में 160 से भी अधिक की गति के लिए डिजाइन किए गए हैं। इन कोचों में सामान्य कोचों की तुलना में ज्यादा जगह होती है। आइसीएफ़ कोच की तुलना में एलएचबी कोच में बर्थ की संख्या भी अधिक होती है। इससे रेल यात्रियों को अधिक बर्थ की सुविधा प्रदान करने में भी सहायता मिल रही है।एलएचबी कोच में हाइड्रोलिक सस्पेंशन का प्रयोग किया जाता है। वहीं दाएं- बाएं मूवमेंट के लिए भी सस्पेंशन का प्रयोग किया गया है, इससे सफर आरामदायक हो जाता है। सभी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रबंधन अब गाड़ी संख्या 18239- 18240 कोरबा-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-कोरबा शिवनाथ एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 12855- 12856 बिलासपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-बिलासपुर, इंटरसिटी एक्सप्रेस में पारंपरिक कोचों के बदले एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह सुविधा 18240 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-कोरबा एक्सप्रेस में 12 मार्च से तथा 18239 कोरबा-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस में 13 मार्च से उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार 12855 बिलासपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस में 12 मार्च से व 12856 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस में 14 मार्च से उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों को बेहतर आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी |
