112 की टीम पर हमला कर फरार हुए तीन आरोपी पकड़ाए
112 की टीम पर हमला कर फरार हुए तीन आरोपी पकड़ाए

कोरबा। लगभग ढाई माह पहले डायल 112 की टीम के साथ साइड देने पर हुए विवाद के बाद मारपीट करने और पत्थर फेंक कर मारने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उरगा पुलिस थाना अंतर्गत 16 अक्टूबर 2023 को बगदर चिचौड़ी रोड में यह घटना हुई। डायल 112 वाहन में आरक्षक हरमेश खूंटे व वाहन चालक देवेंद्र कुमार रात्रे अपना इवेंट पूर्ण कर वापस लौट रहे थे, तभी बगदर चिचौली रोड़ में ट्रैक्टर वाहन के चालक द्वारा लहराकर गाड़ी चलाने एवं साइड नहीं दिया जा रहा था। किसी तरह ट्रैक्टर को रोककर उसके ड्रायवर प्रफुल्ल अनंत को डायल 112 की टीम समझाईश दे रही थी, तभी प्रफुल्ल ने अपने भाई प्रज्वलित अनंत को मोबाइल करके मौके पर बुला लिया। प्रज्वलित अनंत स्थल पर पहुंच कर आन ड्यूटी पुलिस आरक्षक से कहा कि वर्दी पहन कर दादा बन गए हो। यह कहते हुए झूमा झटकी करने लगा। इतना देखकर प्रफुल्ल अनंत और उसका साथी जितेन्द्र भारद्वाज गाली गलौज करते हुए डंडा से पुलिस आरक्षक व वाहन चालक से मारपीट करने लगा। प्रज्वलित अनंत ने पत्थर उठाकर आरक्षक के उपर फेंक कर वार कर दिया, इससे आरक्षक हरमेश खूंटे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तीनों आरोपित फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं देवेंद्र रात्रे की रिपोर्ट पर थाना उरगा में आरोपी प्रज्वलित अनंत, महेश कंवर व अमित यादव के विरूद्ध धारा 307, 186, 294, 332, 353, 506, 34 कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपितों की पतासाजी में मुखबिर को भी सतर्क किया गया था। इस दौरान पता चला कि घटना दिनांक को बगदर नदी में रेत निकालने के लिये रसौट, सक्तीगुड़ी, पड़रिया, बोकरामुड़ा क्षेत्र के लोग गए थे। इसमें जितेन्द्र भारद्वाज, चारपारा का अदित्य पटेल, पड़रिया का लक्ष्मण पटेल और बलौदा का अमित यादव समेत अन्य आठ ट्रैक्टर वाले गये थे। इनके द्वारा जानकारी मिली कि जितेन्द्र भारद्वाज, प्रफुल्ल व प्रज्वलित अनंत द्वारा ही पुलिस वालों से मारपीट की गई है। इस पर पुलिस ने आरोपित प्रज्वलित अनंत, प्रफुल्ल अनंत व जितेन्द्र भारद्वाज द्वारा ही आरक्षक हरमेश खूंटे से मारपीट करना स्पष्ट होने पर एफआइआर से महेश कंवर व अमित यादव का नाम पृथक कर और आरोपी प्रफुल्ल अनंत व जितेन्द्र भारद्वाज का नाम जोड़ा गया। तदुपरांत पतासाजी करते हुए घटना में प्रयुक्त पत्थर, बाइक, गेड़ा (डंडा) व ट्रैक्टर बरामद किया और आरोपी प्रज्वलीत अनंत 28 वर्ष व प्रफुल्ल अनंत 26 वर्ष निवासी रसोटा थाना बलौदा जिला जांजीगर चांपा, व जितेन्द्र भारद्वाज 23 वर्ष निवासी बोकरामुड़ा थाना बलौदा जिला जांजीगर चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
