वापस आएगी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, रायगढ़ जाने मिलेगी नई ट्रेन
गाड़ियों के परिचालन की समीक्षा कर डीआरएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
वापस आएगी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, रायगढ़ जाने मिलेगी नई ट्रेन
0 
कोरबा। आधी- अधूरी चल रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को अब वापसी में कोरबा तक चलाने का निर्णय रेल प्रबंधन ने लिया है। वर्तमान में यह ट्रेन बिलासपुर में आकर रूक जाती है। इसके बाद यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही कोरबा से सीधी रायगढ़ ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया गया है।
मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधा विकास के साथ ही यात्रियों को सुगम व सुखद यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अभिनव पहल किया जा रहा है। यात्रियों की मांग व सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पांडेय ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक(समन्वय), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) व वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (समन्वय) के साथ बैठक कर वर्तमान में गाड़ियों के परिचालन की समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मंडल के सभी क्षेत्र के यात्रियों की सहज व सुविधाजनक यात्रा सुविधा के लिए अधिकारियों से चर्चा कर उचित निर्णय लेने कहा। इसमें कोरबावासियों की सबसे पुरानी मांग छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की वापसी कोरबा तक करने व रायगढ़ तक सीधी ट्रेन चलाने के भी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वर्तमान में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर तक आकर रूक जाता है। इसके बाद कोई ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को बस से सफर करना पड़ता था अथवा ट्रेन का इंतजार करते बिलासपुर में बैठे रहना पडता था। रेल प्रबंधन ने कोरबा, चांपा, जांजगीर क्षेत्र के यात्रियों की अमृतसर से कोरबा तक सीधी यात्रा सुविधा के लिए अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का विस्तार कोरबा तक करने का निर्णय लिया है। इससे अमृतसर से कोरबा तक यात्रियों को सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अन्य मुद्दों पर भी निर्णय लेते हुए शीघ्र अमल में लाने कहा गया है।
मिलेगी ये सुविधाएं भी
0 रायपुर-कोरबा- रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोचों का प्रविधान किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक यात्री बैठकर सहज व सुविधापूर्वक यात्रा कर सकें।
0 कोरबा से रायगढ़ के मध्य सीधी ट्रेन चलाई जाएगी, इससे कोरबा के यात्रियों को बिना गाड़ी बदले रायगढ़ तक सीधी रेल सेवा प्राप्त हो सके और रायगढ़ तक सीधी यात्रा कम समय में पूरी हो सकेगी। वर्तमान में कोरबा से रायगढ़ जाने वाले यात्रियों को चांपा स्टेशन में गाड़ी बदलकर जाना पड़ता है।
0 पारंपरिक पैसेंजर रैक को शीघ्र तेज गति से चलने वाली मेमू रैक में बदला जाएगा, ताकि गाड़ी त्वरित गति से परिचालित होगी और यात्रीगण सही समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसससे गाड़ियों की समयबद्धता भी बढ़ेगी।
0 चिरमिरी- मनेद्रगढ़ क्षेत्र से दिल्ली, हावड़ा, मुंबई तथा अन्य दिशाओं में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुगम यात्रा सुविधा हेतु अनूपपुर से कनेकटिंग गाड़ियों को पकड़ने के लिए चिरमिरी-अनूपपुर रेल खंड में अतिरिक्त मेमू ट्रेन चलाया जाएगा। इससे सभी यात्रियों को अनूपपुर पहुंचना आसान हो जाएगा और यहां से अन्य मार्ग में यात्रा करने के लिए कनेकटिंग गाड़ी की सुविधा मिल सकेगी।
तिथि अभी निर्धारित नहीं
रेल प्रबंधन ने बैठक में भले ही छत्तीसगढ एक्सप्रेस को कोरबा तक वापस लाने, रायगढ़ तक सीधी ट्रेन चलाने समेत अन्य मुद्दे पर निर्णय लिया है, पर इन ट्रेनों को परिचालन कब से शुरू होगा। इस बारे में अभी तिथि निर्धारित नहीं की है। संभावना जताई जा रही है कि ट्रेन चालू करने के पहले रेलवे कंप्यूटर में आरक्षण की स्थिति भी कोरबा तक निर्धारित करेगा। साथ ही रेलवे बोर्ड से भी अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही ट्रेन का परिचालन शुरू होगा।
