Uncategorized

कटघोरा कॉलेज ने जीता पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब

कटघोरा(सत्यम जायसवाल) शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय, कटघोरा में 16 सितंबर 2026 को परिक्षेत्र स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री गंगा प्रसाद पटेल तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. एच.पी. खैरवार, प्राचार्य शासकीय एमएमआर महाविद्यालय चांपा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दयाशंकर जगत ने की। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एम.एम. जोशी एवं प्रेक्षक के रूप में वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बी.एस. राव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया, जिनमें शासकीय ईवीपीजी महाविद्यालय कोरबा, शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली, शासकीय महाविद्यालय भैसमा, शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय हरदी बाजार, कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा और आयोजक शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय कटघोरा शामिल रहे। प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से संपन्न हुई। पहले मुकाबले में शासकीय ईवीपीजी महाविद्यालय कोरबा ने शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय हरदी बाजार को हराकर जीत दर्ज की।

फाइनल मुकाबला शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय कटघोरा और शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली के बीच खेला गया। कटघोरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 अंक बनाए, जबकि पाली की टीम 11 अंक ही हासिल कर सकी। इस तरह कटघोरा महाविद्यालय ने 27 अंकों से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। कप्तान पूर्वांशु के नेतृत्व में महेश, कार्तिक, ओमप्रकाश, प्रिंस कुमार, विनय, महावीर, आदित्य कुमार, महेंद्र और चंद्रभूषण ने बेहतर खेल प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर का खिताब अभय कुमार, शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली को, बेस्ट डिफेंडर का खिताब महेश, कटघोरा महाविद्यालय को तथा बेस्ट ऑलराउंडर का खिताब कप्तान पूर्वांशु को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी राजकुमारी मरकाम एवं क्रीड़ा समिति के वरिष्ठ सदस्य सहायक प्राध्यापक डॉ. धरमदास टंडन ने किया। आयोजन की सफलता में एनसीसी अधिकारी श्री भुवनेश्वर कुमार, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button