तालाब नुमा गड्ढे से परेशान जनता, जिम्मेदारों को नहीं दिख रही सड़क की बदहाली

कटघोरा(सत्यम जायसवाल) अंबिकापुर रोड स्थित शारदा सुपर बाजार के सामने सड़क पर बना विशाल गड्ढा अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन चुका है। बारिश का पानी भर जाने से यह गड्ढा तालाब का रूप ले चुका है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए जिम्मेदार विभाग और नगर पालिका एक-दूसरे की ओर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, लेकिन आम जनता की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद इस गड्ढे को भरने के लिए तत्काल कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि स्थायी सड़क निर्माण पीडब्ल्यूडी के अधिकार क्षेत्र का विषय है, तब भी नगर पालिका का दायित्व बनता है कि वह अपने क्षेत्र में जनता की सुरक्षा और आवागमन को देखते हुए अस्थायी रूप से गड्ढे को गिट्टी-मुरूम डालकर भरवाने की व्यवस्था करे। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित कई जिम्मेदार जनप्रतिनिधि दिनभर इसी मार्ग से गुजरते हैं, फिर भी सड़क की यह बदहाली उनकी नजरों से कैसे बच रही है?
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और पीडब्ल्यूडी से मांग की है कि जिम्मेदारी तय करने की बजाय तत्काल इस खतरनाक गड्ढे को भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। जनता अब सवाल पूछ रही है कि आखिर सड़क पर बने इस तालाब नुमा गड्ढे से राहत कब मिलेगी और जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि कब जागेंगे?




