अटल जी की मूर्ति निर्माण को लेकर बवाल, BJP ने खोला मोर्चा

कोरबा (शिवशंकर जायसवाल)
देश के आदर्श, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को समर्पित कटघोरा नगर की प्रतिमा अब विवादों के घेरे में है। जिस प्रतिमा को श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक माना जाना था, उसी के निर्माण में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों ने जनमानस को आहत किया है।
भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा ने इस मुद्दे को तूल देते हुए मोर्चा खोल दिया है।
BJP किसान मोर्चा, जिला कोरबा के जिला कार्यकारिणी सदस्य अशोक तिवारी ने 30 जुलाई 2026 को कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को एक ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सार्वजनिक धन का दुरुपयोग असहनीय”
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर क्षेत्र में स्थापित अटल जी की प्रतिमा के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं की फुसफुसाहटें गलियारों से निकलकर अब सार्वजनिक मंच तक पहुंच गई हैं। यदि ये आरोप सत्य सिद्ध होते हैं, तो यह केवल निर्माण में गड़बड़ी नहीं, बल्कि श्रद्धा के साथ खिलवाड़ और जनता के टैक्स के पैसे का घोर अपमान है।
तिवारी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सक्षम अधिकारियों द्वारा इस प्रकरण की पारदर्शी जांच कराई जाए। जांच में यदि किसी व्यक्ति, संस्था अथवा एजेंसी की संलिप्तता, लापरवाही या भ्रष्टाचार उजागर होता है, तो दोषियों पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई कर उदाहरण प्रस्तुत किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी जनभावनाओं से खिलवाड़ न कर सके।




