कटघोरा कॉलेज ने जीता महिला कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब 🏆💪

कटघोरा ( सत्यम जायसवाल ) शा. मुकुटधर पांडे महाविद्यालय, कटघोरा में दिनांक 27 सितंबर 2025 को परीक्षेत्र स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष माननीय श्री गंगा प्रसाद पटेल रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सुनील कुमार खांडे, श्री मनदीप जायसवाल और विशेष अतिथि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता श्री विकल्प शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. मदन मोहन जोशी ने की तथा खेल संरक्षक के रूप में वरिष्ठ जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बी.एस. राव मौजूद रहे। प्रतियोगिता शुभारंभ से पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी संजू देवी को महाविद्यालय परिवार की ओर से उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान से नवाजा गया।
प्रतियोगिता में कुल 7 टीमों ने भाग लिया, जिनमें शा. ई.वी. पी.जी. महाविद्यालय कोरबा, शा. मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा, शा. मुकुटधर पांडे महाविद्यालय कटघोरा, शा. महाविद्यालय भैसमा, शा. नवीन महाविद्यालय पाली, शा. महाविद्यालय दीपका तथा श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा शामिल थीं। प्रतियोगिता नॉक-आउट पद्धति से संपन्न हुई। पहला मैच पी.जी. महाविद्यालय कोरबा और शा. महाविद्यालय दीपका के बीच खेला गया, जिसमें पी.जी. महाविद्यालय कोरबा ने जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबला श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा और शा. मुकुटधर पांडे महाविद्यालय कटघोरा के बीच हुआ, जिसमें कटघोरा कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 अंकों के साथ विजेता का ताज अपने नाम किया। वहीं, श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा 15 अंकों के साथ उपविजेता रहा।
कटघोरा कॉलेज की विजेता टीम में कप्तान संजू देवी (अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी) के नेतृत्व में रोशनी साहू, जागृति, सुमन, स्नेहा, साधिका निशा, प्रियांशु और प्रेमा ने बेहतरीन खेल दिखाया। प्रतियोगिता का सफल संचालन क्रीड़ा अधिकारी राजकुमारी मरकाम ने किया। आयोजन की सफलता में डॉ. पूनम ओझा, डॉ. प्रिंस मिश्रा, डॉ. धरमदास टंडन, श्री तिलकराम आदित्य, श्री प्रेमनारायण वर्मा सहित अनेक सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस आयोजन ने न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया बल्कि क्षेत्र में महिला खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने का नया मार्ग भी प्रशस्त किया। 🌟




