बिजली, पानी की आपूर्ति ठप्प, चक्का जाम के बाद आश्वासन मिला

कटघोरा ( सत्यम जायसवाल ) नगर में पानी और बिजली की गंभीर समस्या को लेकर आम जनता ने शनिवार को हॉस्पिटल चौक में प्रदर्शन किये। शहीद वीर नारायण चौक पर चक्का जाम में बड़ी संख्या में नगरवासियों के साथ भाजपा पार्षद व पूर्व उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
पानी-बिजली की समस्या बनी आंदोलन का प्रमुख कारण
नगर के विभिन्न वार्डों में पिछले कई हफ्तों से बिजली और जल आपूर्ति ठप पड़ी है। गर्मी और उमस के बीच नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। बिजली की अनियमित आपूर्ति और पीने के पानी की भारी किल्लत ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
यातायात प्रभावित, बड़े वाहन रोके गए

प्रदर्शनकारियों ने दोनों ओर से सड़कों को जाम कर दिया, जिससे लंबी कतारों में गाड़ियाँ फँस गईं। छोटे वाहनों और दोपहिया को निकासी दी गई, लेकिन बड़े वाहनों को रोक दिया गया। इससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
भाजपा पार्षदों की अगुवाई में हुआ प्रदर्शन

प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, समेत अन्य पार्षद भी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द बिजली और पानी की समस्या का समाधान किया जाए, वरना आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।
भाजपा नेता पवन अग्रवाल ने कहा कि गर्मी में भीषण बिजली की संकट तो सहना पड़ा परंतु अभी भी भीषण बिजली संकट से हमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है ,यदि साम तक हमें आश्वासन के अनुसार पानी , बिजली की आपूर्ति ठीक से नहीं होती तो साय को फिर से धरना दिया जाएगा।
प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

करीब आधे घंटे तक चला चक्का जाम, जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ। मौके पर पहुंचे एसडीएम , नायब तहसीलदार बिजली विभाग के डी एई , जेई, नगर पालिका के सब इंजीनियर और नगर पंचायत के स्टाफ ने नागरिकों से वार्ता कीये।
समाधान का आश्वासन
बैठक में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आज से बिजली, सोमवार से पानी व्यवस्था दुरुस्त कर लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया और स्थिति सामान्य हुई। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया ।




