एवरेस्ट साइकिल मिशन पर निकले पप्पू राम खिचड़ का कटघोरा में भव्य स्वागत
— पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रभक्ति और साहसिक संकल्प की अद्भुत मिसाल

कटघोरा, (सत्यम जायसवाल)18 जून। मारवाड़ी युवा मंच कटघोरा द्वारा एवरेस्ट साइकिल अभियान पर निकले पप्पू राम खिचड़ का भव्य स्वागत अग्रसेन भवन में किया गया। यह आयोजन देश के प्रति समर्पण, पर्यावरण संरक्षण और अद्वितीय साहस को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया। पप्पू राम खिचड़ साइकिल से माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुँचने के मिशन पर हैं, जहाँ से वे एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर देशभर की यात्रा कर रहे हैं।

अब तक पप्पू राम खिचड़ ने 34,018 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पूरी कर ली है और 21,001 से अधिक वृक्षारोपण कर चुके हैं। उनका लक्ष्य 60,000 किलोमीटर की यात्रा और 1 लाख वृक्ष लगाने का है। वे अब तक 25 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण कर चुके हैं। यह यात्रा न केवल उनके साहस का प्रतीक है, बल्कि “एक ही देश की सबसे लंबी साइकिल यात्रा” के रूप में वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पप्पू राम खिचड़ को सुरक्षित एवरेस्ट आरोहण के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अग्रवाल सभा कटघोरा के अध्यक्ष श्री पवन अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच कटघोरा के संरक्षक अजय गर्ग, नवीन गोयल, प्रांतीय संयोजक पियुष गर्ग एवं मंच अध्यक्ष अंकुश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रेरणा, उत्साह और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।





