बीएमएस ने गेवरा में गेट मिटिंग कर किया प्रदर्शन
ठेका मजदूरों को प्रदान किया जाए एचपीसी दर पर वेतन व सुविधा
बीएमएस ने गेवरा में गेट मिटिंग कर किया प्रदर्शन

ठेका मजदूरों को प्रदान किया जाए एचपीसी दर पर वेतन व सुविधा
कोरबा : ठेका कर्मियों को हाइ पावर कमेटी (एचपीसी) की अनुशंसा आधार पर वेतन, सुरक्षा, भत्ते व सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन, बिलासपुर द्वारा गेट मिटिंग कर जनजागरण अभियान चलाया गया।
गेवरा खान परिसर में साइलो एमटीके के पास आयोजित इस अभियान के भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन ने कर्मचारियों के 17 सूत्रीय मांग रखते हुए जानकारी प्रदान की। इसमें कर्मचारियों की सुरक्षा, 11 वेतनमान से जुड़े बिंदु को लागू करने, सीपीआरएमएस एनई, सीएमपीएफ में घोटाला समेत अन्य बिंदुओं के संबंध में बताया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह राठौर व भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन बिलासपुर के महामंत्री अशोक सूर्यवंशी ने कहा कि कोल इंडिया के अंदर कर्मचारियों की वर्तमान स्थिति महारत्न कंपनियों जैसा होना चाहिए, मगर वर्तमान परिदृश्य में कोल कंपनी का स्तर दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया प्रबंधन स्थाई, ठेका एवं सेवानिवृत कर्मचारियों के अधिकारों का हनन कर रही है। कर्मचारी को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती हो रही है। सीएमपीएफ में बड़े-बड़े घोटाला कर बड़े-बड़े अधिकारी बैठे हैं, मगर प्रबंधन एवं सरकार चुप है। कोल इंडिया में कर्मचारियों की संख्या घटती जा रही है उसी प्रकार से उनकी सुविधाओं में भी कटौती की जा रही है। ठेका कर्मियों को उनकी जायज मांगों से वंचित करते हुए प्रबंधन उन्हें हाई पावर कमेटी का वेतन भी उपलब्ध कराने में असमर्थ है। उन्होंने कर्मियों की इन समस्याओं को लेकर 26 सितंबर को सभी क्षेत्रीय मुख्यालय, कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा एवं दीपका के समक्ष धरना प्रदर्शन में अधिक संख्या के साथ उपस्थित होने कहा। इस दौरान प्रीतम राठौर, मदन सिंह, कुलदीप कुमार, सुजीत कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र राठौर के अलावा भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन बिलासपुर, गेवरा क्षेत्र- परियोजना के जेसीसी, सेफ्टी- वेलफेयर बोर्ड सदस्य व अध्यक्ष- सचिव के साथ सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य काफी संख्या में उपस्थित रहे।

