संघर्षपूर्ण मुकाबले में अग्रवाल सभा के राजेंद्र अध्यक्ष निर्वाचित
0 शिव उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष बने रमन
संघर्षपूर्ण मुकाबले में अग्रवाल सभा के राजेंद्र अध्यक्ष निर्वाचित

कोरबा। वर्ष 2024-26 के लिए अग्रवाल सभा की नई कार्यकारिणी का चुनाव गहमागहमी माहौल में हुआ। अध्यक्ष पद के संघर्षपूर्ण मुकाबले में राजेंद्र अग्रवाल (शरद सौरभ) ने चार मत से जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर शिव अग्रवाल माडर्न एग्रो एवं कोषाध्यक्ष में रमन अग्रवाल श्रीराम वस्त्रालय विजयी रहे।
31 मार्च को नामांकन दाखिल, प्रपत्रों की जांच व नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई थी। अग्रवाल सभा के इस द्विवार्षिक चुनाव के लिए वरिष्ठ सदस्यों ने आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया था, पर सफलता नहीं मिलने पर मंगलवार को अग्रसेन भवन में मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। चुनाव अधिकारी छेदीलाल अग्रवाल की अगुवाई में सहचुनाव अधिकारियों ने चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई। अग्रवाल सभा में कुल 917 सदस्य हैं, इनमें कुल 783 सदस्यों ने अपने अपने मताधिकार का उपयोग किया, जो कुल मतों का लगभग 88 प्रतिशत है। चार बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हुई। इसमें अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र अग्रवाल राजू और एसके अग्रवाल के मध्य कड़ी टक्कर हुई, पर आखिर में राजेंद्र अग्रवाल ने जीत हासिल की। उन्हें 362 मत मिले। अध्यक्ष पद के लिए डाले गए कुल 783 मतों में सात मत अवैध हो गए और 776 वैध रहे। उपाध्यक्ष पद के लिए नरेन्द्र कुमार अग्रवाल (राजश्री) व शिव कुमार अग्रवाल (मार्डन एग्रो) तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए राकेश कुमार अग्रवाल (नागरमल) तथा रमन अग्रवाल (बंटी) के मध्य सीधी टक्कर हुई। इसमें उपाध्यक्ष पद पर शिव कुमार अग्रवाल मार्डन एग्रो तथा कोषाध्यक्ष पद पर रमन अग्रवाल (बंटी) ने जीत हासिल की। नए पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारी छेदीलाल अग्रवाल द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

