37 और 32 साल से फरार वारंटी को पकड़ पुलिस ने भेजा जेल
विशेष अभियान चलाकर 143 स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंट किया तामील
37 और 32 साल से फरार वारंटी को पकड़ पुलिस ने भेजा जेल
विशेष अभियान चलाकर 143 स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंट किया तामील
कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिला पुलिस द्वारा बेसिक पुलिसिंग के तहत जिले में शांति व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए फरार वारंटियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा दो दिनों से सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत फरार वारंटियों की सूची तैयार कर थाना स्तर पर टीमें बना कर पतासाजी की जा रही है। मुखबीरों से सूचना लेकर एवं दीगर जिले के फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा दबिश दिया जा रहा है। विशेष कर कई सालों से फरार वारंटियों की भी पता तलाश कर दबिश दी गई। इसमें गंभीर अपराध चोरी, लूट 420 में संलिप्त वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। कोरबा पुलिस द्वारा 50 स्थाई और 93 गिरफ्तारी वारंट कुल 143 वारंट तामील किए गए। थाना बाल्को द्वारा 37 साल और 32 साल से फ़रार दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया। वहीं चौकी मानिकपुर द्वारा 15 साल से फ़रार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। थाना पसान द्वारा नौ साल पुराने एक स्थाई वारंटी, थाना बांगो और चौकी रजगामार द्वारा आठ साल से फ़रार तीन स्थाई वारंटी को तामील कर जेल भेजा गया। यहां बताना होगा कि पहले भी कोरबा पुलिस द्वारा यह अभियान चला कर कुल 173 वारंट की तामिली की गई थी। इस अभियान में जिले के सभी थाना ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वारंटी की गिरफ्तारी पुलिस ने की। इसमें थाना कोतवाली, मानिकपुर, बाल्को, उरगा, दर्री, कुसमुंडा, बांकी मोंगरा, हरदीबाज़ार, दीपका, करतला, कटघोरा, बांगो, कोरबी सभी थाना द्वारा जिले के साथ दीगर जिले में भी दबिश देकर फरार वारंटी की पतासाजी की गई। फरार वारंटियों के खिलाफ कोरबा पुलिस द्वारा विशेष अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।




