निदेशक तकनीक पहुंचे कुसमुंडा खदान, उत्पादन बढ़ाने लिया जायजा
निदेशक तकनीक पहुंचे कुसमुंडा खदान, उत्पादन बढ़ाने लिया जायजा

कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफिल़्डस लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक तकनीकी (डीटी) योजना-परियोजना एन फ़्रेंकलिन जयकुमार ने मेगा परियोजना कुसमुंडा का निरीक्षण किया। पदभार संभालने के बाद जयकुमार पहली बार कुसमुंडा खदान पहुंचे। यहां उन्होंने माइन व्यू पाइंट से खनन गतिविधियों का जायज़ा लिया। इसके बाद खदान में उतरकर बरकुटा, कैट, नीलकंठ जेवी कोल पैच एवं नीलकंठ ओबी पैच में भी गए। खदान के कार्य संचालन को देखने के साथ ही उन्होंने उत्पादन-उत्पादकता बढ़ाए जाने का निर्देश दिया। स्थल पर कुसमुंडा के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने खदान के संबंध में संपूर्ण जानकारी से जयकुमार को अवगत कराया। साथ ही खदान में वर्तमान में चल रहे उत्पादन संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। इस दौरान कुसमुंडा क्षेत्र की एरिया कोर टीम भी निदेशक के साथ उपस्थित रही। यहां बताना होगा कि कुसमुंडा खदान का लगातार विस्तार हो रहा है और चालू वित्तीय वर्ष में खदान को लगभग 490 लाख टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य मिला हुआ है। इस लक्ष्य को हासिल करने लगातार प्रयास किया जा रहा है। एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर भी खदान पर टिकी हुई है और लगातार खदान का दौरा कर उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
