चालक परिचालक को धमका ट्रेलर से निकाल लिए डीजल
कोरबा। बिना नंबर की सफेद रंग के स्कार्पियो से आए अज्ञात लोगों ने ट्रेलर चालक- परिचालक को धमका कर 250 लीटर डीजल लूट लिया। मामला पाली थाना अंतर्गत चैतमा मुख्य मार्ग का है। ट्रेलर क्रमांक सीजी-04 जेबी-9361 के मालिक व कारखाना एरिया कटघोरा निवासी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि वह विनायक राइस मिल का पार्टनर है। 24 जनवरी को ट्रेलर में मिल से खंडा चावल लोड कर नेवरा रायपुर के लिए चालक धनीराम पटेल व हेल्पर शिवा रात 11 बजे रवाना किया गया था। चैतमा के पास खंडा बोरी रस्सा खुल जाने से गिर जाने के कारण वाहन रोक कर रात 2.30 बजे बोरियों को उठाकर लादा जा रहा था। इस दौरान एक स्कार्पियो में बैठकर तीन- चार लोग ट्रेलर के पास आए चालक व हेल्पर को डरा-धमका कर डीजल की टंकी का लाक व जाली तोडकऱ 250 लीटर डीजल लोड कर पाली की ओर भाग निकले। मामले में पुलिस ने धारा 392 के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपितों की पतासाजी शुरू कर दी है।
