भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल का पुतला
भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल का पुतला

कोरबा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कटघोरा में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बीएस कंवर की अगुवाई में वीर नारायण चौराहे पर आइएनडीआइए गठबंधन के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई और राहुल गांधी व टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का पुतला फूंका गया। किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बीएस कंवर ने कहा कि उपराष्ट्रपति का इस तरीके से मजाक बनाना, अमर्यादित है एवं संविधान के खिलाफ है।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग ने कहा कि उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का शर्मनाक तरीके से विपक्ष के नेताओं द्वारा मिमिक्री करना और उनका मजाक उड़ाना। राहुल गांधी द्वारा उसका वीडियो बनाना और हंसी ठिठोली करना भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं को शर्मसार करता है। यह किसी व्यक्ति विशेष या जाति का नहीं बल्कि भारत के उपराष्ट्रपति का अपमान है। देश के अन्नदाता किसानों का अपमान है। भारतीय जनता पार्टी के कटघोरा मंडल अध्यक्ष धन्नू दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने जो अभद्र टिप्पणी के साथ अभद्र वीडियो प्रसारित की है। उसके लिए यह निंदा का विषय है कि कांग्रेस पार्टी का युवराज भी है और एक जिम्मेदार पद पर भी है। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, जिला महामंत्री किसान मोर्चा डा पवन सिंह, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक तिवारी, विशेष आमंत्रित सदस्य लीलारपुरी गोस्वामी, किसान मोर्चा महामंत्री पवन जायसवाल, जिला मंत्री डाकेश्वर शुक्ला, मनोज दुबे, संतोष जायसवाल उपस्थित रहे।
