कोरबा

अक्षय व सोलर उर्जा के क्षेत्र में तेजी से काम कर रहा एनटीपीसी

0 एनटीपीसी कोरबा संयंत्र में मनाया गया 49 वां स्थापना दिवस परियोजना प्रमुख मधु एस रहे उपस्थित

कोरबा। एनटीपीसी के कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन (केएसटीपीएस) में एनटीपीसी लिमिटेड के 49 वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख मधु एस ने एनटीपीसी ध्वज फहराया। इस अवसर पर केक भी काटा गया। परियोजना प्रमुख मधु एस ने कहा कि आज एनटीपीसी न सिर्फ थर्मल पावर उत्पादन के व्यवसाय में है अपितु, यह गैस, सोलर, हाइड्रो, विंड सभी माध्यमों से बिजली उत्पादन कर देश को रोशन कर उसके विकास में अपना योगदान दे रहा है । एनटीपीसी रिनेबल एंड सोलर एनर्जी के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। एनटीपीसी विद्युत कार्य से जुड़े सभी क्षेत्रों में अवसरों की तलाश कर रही है। एनटीपीसी का लक्ष्य 2032 तक 130 गीगावाट क्षमता प्राप्त करना है।

इसके साथ ही सभी एनटीपीसी कर्मियों ने नैगमिक गीत अंधकार की घोर निशा में ज्योति किरण बनकर हम छाए सुस्वर गाय। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख मधु ने कहा कि संयोग की बात है कि कोरबा परियोजना का स्थापना दिवस भी आज ही है। कामना करता हूं कि कंपनी, कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवारजन का भविष्य उज्ज्वल, सुखद व समृद्ध हो। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की स्थापना सात नवंबर 1975 को राष्ट्र को निर्बाध और सुनिश्चित बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हुई थी। आज एनटीपीसी 49 वर्षों में अधिक सशक्त हुई है तथा यह विद्युत क्षेत्र में वैश्विक रूप से बिजली उत्पादन व्यवसाय की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में उपस्थिति के साथ खुद को प्रमुख विद्युत कंपनी के रूप में स्थापित किया है। यह एनटीपीसी के सदस्यों की प्रतिबद्धता, समर्पण, सक्षमता और सृजनात्मकता के कारण ही संभव हो पाया है। अपनी उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण- हितैषी अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रगति के लिए महत्वपूर्ण पहल की है, जो भविष्य में निरंतर सफलता सुनिश्चित करेगी। मधु ने बताया कि आज का दिन हमारे लिए गौरव का दिन है, क्योंकि हम सात नवंबर 1975 में, शून्य से शुरू होकर 73,824 MW, कंपनी के रूप में अपना 49 वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। विकास भवन स्थित परियोजना प्रमुख के कांफ्रेंस हाल में गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एनटीपीसी कर्मियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रोजेक्ट अनूप कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक मेंटेनेंस सोमनाथ भट्टाचार्जी, महाप्रबंधक ऐश डाइक मैनेजमेंट मनीष वसंत साठे, महाप्रबंधक मेडिकल डा लोकेश महेन्द्रा, समेत सभी विभागाध्यक्ष, डीआरओ, कमाडेंड सीआइएसएफ अभिषेक चौधरी एवं उनके सभी जवान, श्रमिक संगठन, एसोसिएशन पदाधिकारी तथा एनटीपीसी कोरबा के कर्मी उपस्थित रहे।

कोरबा संयंत्र 40 वर्ष पुराना होने के बावजूद कर रहा अच्छा प्रदर्शन
परियोजना प्रमुख मधु ने कहा कि एनटीपीसी कोरबा संयंत्र 40 साल पुराना होने के बावजूद लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। सभी महत्वपूर्ण मापदंडों में अपनी कुशलता सिद्ध की है। अक्टूबर 2023 माह के अंत तक, कोरबा परियोजना का प्रदर्शन उपलब्धि भरा रहा है। अक्टूबर माह के अंत तक 89.02 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 11,887.857 मिलियन यूनिटस का उत्पादन किया है। इस दौरान हमारी उपलब्धता 93.36 प्रतिशत रही है।

पर्यावरण, सेफ्टी, इंडस्ट्रियल हाइजीन अवार्ड का श्रेय कर्मियों को

परियोजना की उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण विभिन्न क्षेत्रों पर्यावरण, सेफ्टी, इंडस्ट्रियल हाइजीन, पावर प्लांट परफार्मेंस, सीएसआर आदि क्षेत्र में अवार्ड मिले हैं, इसका श्रेय कोरबा टीम के प्रत्येक सदस्य को जाता है। इस दौरान उन्होंने टीम कोरबा के प्रत्येक सदस्य एवं सहयोगी एजेंसी के साथ सीआइएसएफ़, जिला प्रशासन, सामाजिक संगठन , मैत्री महिला समिति, यूनियन एवं एसोशियेशन से मिले निरंतर सहयोग एवं योगदान की सराहना की।

Related Articles

Back to top button