एसईसीएल ने 1500 मेट्रिक टन से अधिक स्क्रैप हटा अर्जित किया आठ करोड़ का राजस्व
विशेष अभियान 3.0 : स्क्रैप हटाने एवं सफाई में सबसे आगे एसईसीएल

कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा बड़े स्तर पर भारत सरकार के विशेष अभियान 3.0 का क्रियान्वयन किया जा रहा है। चिन्हित जगहों की सफाई एवं स्क्रैप निस्तारण में एसईसीएल, कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में सबसे आगे चल रही है। 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में एसईसीएल द्वारा मुख्यालय एवं विभिन्न संचालन क्षेत्रों में अब तक 90 से ज़्यादा जगहों को साफ किया गया है और इस प्रकार लगभग 21 लाख वर्ग फुट से अधिक का क्षेत्र साफ हुआ है। कंपनी अभी तक 1500 मेट्रिक टन से अधिक स्क्रैप हटा चुकी है जिससे आठ करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।
भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा इस साल दो से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान 3.0 चलाने की घोषणा की है, इसमें साफ-सफाई एवं स्क्रैप/कबाड़ के निस्तारण के साथ सरकारी कार्यालयों में लंबित फाइलों के निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
लंबित फाइलों एवं शिकायतों के निपटान पर ज़ोर
साफ-सफाई एवं स्क्रैप निस्तारण के अलावा एसईसीएल लंबित फाइलों के निपटान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विशेष अभियान 3.0 के तहत एसईसीएल द्वारा लगभग 1,000 फाइलों एवं 5,500 ई-फाइलों की समीक्षा की जा रही है। वहीं कंपनी द्वारा सीपीग्राम्स में शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए द्रुत गति से कार्य किया जा रहा है। नतीजन एसईसीएल लोक शिकायत के निपटान में लगने वाले समय में काफी कमी आई है। एक अक्टूबर 2022 से 30 सितंबर 2023 की समयावधि में शिकायतों के निपटान में औसतन आठ दिन का समय लगा है।
कबाड़ से बनाया चंद्रयान राकेट की कलाकृति
एसईसीएल ने विशेष अभियान 3.0 अंतर्गत निकली खनन स्क्रैप सामग्री को सुंदर प्रतिमाओं में बदलकर इस अभियान को कचरे के सर्वश्रेष्ठ उपयोग के अवसर के रूप में अंगीकृत है। एसईसीएल के जमुना कोतमा क्षेत्र में स्क्रैप का इस्तेमाल करते हुए चार सुंदर कलाकृतियों का निर्माण कर एक सार्वजनिक पार्क में स्थापित किया गया है। वहीं एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के होनहार कामगारों द्वारा कबाड़ से चंद्रयान रॉकेट की सुंदर कलाकृति को बनाया गया है।
