छत्तीसगढ़

रंजिश व शंका की वजह से ढोढीपारा में की हत्या, पक़ड़े गए आरोपित

कोरबा। भैस खटाल में चाकू व हथौड़ी से वार युवक की हत्या करने के मामले में दो आरोपित को पुलिस ने अंतत: गिरफ्तार कर लिया। हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गया था और पुलिस उसकी पतासाजी कर रही थी। आरोपितों ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश होना बताया।

सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत 15 अक्टूबर की रात 12 बजे घटना हुई। किशन कुमार साहू 21 साल निवासी चारपारा कोहडिया ने 16 अक्टूबर को पुलिस चौकी सीएसईबी में अपने स्वजनों के साथ आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि रविवार की रात सर्दी बुखार होने पर अपने दोस्त सूरजभान साहू उर्फ शुभम निवासी ढोढीपारा भैसखटाल के साथ गबेल मेडिकल दवाई लेने गया था। इसी दौरान मोहल्ले के रिक्की यादव और प्रभाकर सहिस बाइक से मेडिकल स्टोर के पास आए और सूरजभान साहू उर्फ सुभम से 10 मिनट अकेले में बात करने की बात कह नहर की ओर लेकर चले गए थे। किशन कुछ देर तक मेडिकल दुकान के पास इंतजार करता और बाद में वापस घर चला गया था। रात 12 बजे पता चला कि सूरजमान को रिक्की यादव और प्रभाकर सहिस ने किसी वजनी औजार से सिर में मारकर हत्या कर दिए हैं और वह नहर किनारे पड़ा है। इस पर स्वजन समेत बस्तीवासी ढोढ़ीपारा मैसखटाल नहर किनारे जाकर देखे तो नहर के पचरी में सूरजभान साहू खून से लथपथ पड़ा था, उसके सिर में कई जगह चोट के निशान थे। उपचार कराने के लिए तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए थे, पर डाक्टर ने परीक्षण के बाद मृृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। घटना के बाद आरोपित रिक्की यादव बाइक से भाग गया था, हालांकि बाद में बाइक व मोबाइल कटघोरा के पास पुलिस ने बरामद किया। आरोपित की पतासाजी में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि रिक्की बिलासपुर क्षेत्र में है और वहां से मोबाइल में अपने मां से संपर्क किया है। इस आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने अंतत: प्रदीप कुमार यादव उर्फ रिक्की यादव 24 साल निवासी ढोढीपारा भैसखटाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ उसके साथी प्रभाकर सहीस उर्फ साधू उर्फ छोटू 23 साल निवासी ढोढ़ीपारा भैंसखटाल को भी पकड़ा। पूछताछ करने पर आरोपितो ने मृतक के साथ पुरानी रंजिश एवं शंका के आधार पर योजना बनाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का हथौड़ा, एक सूजा तथा अन्य सामान जब्त कर धारा 302, 34 के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया।

Related Articles

Back to top button