हरदी बाजार स्थित शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय में मतदान साक्षरता क्लब का गठन, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प

हरदी बाजार (सत्यम जायसवाल ) स्थित शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान साक्षरता क्लब का गठन किया गया। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. एम.एम. वैष्णव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के नवगठित सदस्यों को शपथ दिलाने से हुई, जिसे महिला नोडल अधिकारी श्रीमती अंजली कंवर ने पूर्ण किया। शपथ ग्रहण के बाद वातावरण में लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूकता और उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में पुरुष नोडल अधिकारी डॉ. एस.के. मूर्ति ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व पर प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करती है और हर वोट भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी क्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनील पांडे ने भी क्लब के सदस्यों को शुभकामनाएँ देते हुए मतदान जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक वोट राष्ट्र के विकास की दिशा तय करता है।
इस अवसर पर कॉलेज एम्बेसडर साहिल पाटले एवं साक्षी राठौर ने संयुक्त रूप से अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। दोनों एम्बेसडर्स ने कॉलेज परिसर एवं समुदाय में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्लब के प्रयासों से युवा वर्ग में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनेगा।




